शेरों के जीवन एवं उनकी स्थितियों पर केंद्रित एक शोधपरक आलेख
शेर की केवल दो प्रजातियां एक ‘भारतीय शेर’ और दूसरी ‘अफ्रीकी शेर’ पायी जाती हैं। इनमें से अफ्रीकी शेर अधिक बलशाली होता है। अफ्रीका प्रजाति का शेर अधिक लंबा होता है। भार के मामले में भी यह प्रजाति भारतीय शेरों से आगे होती है। शेरों की लगभग 8 उपजातियां पाई जाती हैं। इनमें से एशियाई शेरों की दो और अफ्रीकी शेरों की छह उपप्रजातियां पाई जाती हैं।
जंगल के राजा को संरक्षण की दरकार
-नवनीत कुमार गुप्ता
बचपन से सुनी जा रही कहानियों से लेकर प्रौराणिक वीरों की शौर्यगाथाओं के केंद्र में कुछ जीवों ने स्थान बनाया है। शेर यानी सिंह ऐसा ही विशालकाय मांसाहारी जीव है जो सदैव आकर्षण का विषय रहा है। यह बिल्ली परिवार का शक्तिशाली जीव है। हालांकि हमारे देश में अनेक लोग शेर, बाघ, तेंदुए और चीते को एक ही जीव समझते हैं। लेकिन ये सभी जीव अलग-अलग हैं। बिल्ली परिवार का सबसे तेज रफ्तार वाला जीव चीता तो हमारे देश से कुछ सालों पहले ही विलुप्त हो चुका है। यह अच्छी बात है कि शेर और बाघ अभी भी हमारे देश में पाए जाते हैं।
शेर की गरदन के बालों को आयाल कहा जाता है। अफ्रीका शेर प्रजाति के आयाल घने और लंबे होते हैं। वैसे शेर का वजन लगभग 180 से 225 किलोग्राम हो सकता है। शेर की लंबाई ढाई से तीन मीटर होती है। इसकी रफ्तार भी गजब की होती है। शेर लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज गति से दौड़ सकता है। यह करीबन 12 फुट ऊंची छलांग लगा सकता है। इसके अलावा यह 40 फुट लंबी छलांग लगा सकता है।
बिल्ली वंश के सदस्यों में सबसे अधिक शोर मचाने वाला जीव शेर ही है। शेर की दहाड़ का संबंध इसके गले में स्थित कंठिका अस्थि से होता है। इसकी दहाड़ से पूरा जंगल कांप उठता है। शेर के तीन प्रकार के दांत होते हैं, जो अपने शिकार का काम तमाम करने में मददगार होते हैं। वैसे इसके मुंह में दांतों की संख्या लगभग 26 होती हैं। शेर की जीभ नुकीली कांटों जैसी होती है। शेरों की नाखून की बनावट तीखी होती है जिससे यह शिकार पर आसानी से पकड़ बना लेता है। शेर के पदतली की छाल गोलाकार होती है। शेरनीं की पदतली दीर्घवृत्ताकार होती है। व्यस्क शेर के पद चिन्ह की आर-पार औसत नाप 21 सेंटीमीटर होती है।
शेर की केवल दो प्रजातियां एक ‘भारतीय शेर’ और दूसरी ‘अफ्रीकी शेर’ पायी जाती हैं। इनमें से अफ्रीकी शेर अधिक बलशाली होता है। अफ्रीका प्रजाति का शेर अधिक लंबा होता है। भार के मामले में भी यह प्रजाति भारतीय शेरों से आगे होती है। शेरों की लगभग 8 उपजातियां पाई जाती हैं। इनमें से एशियाई शेरों की दो और अफ्रीकी शेरों की छह उपप्रजातियां पाई जाती हैं। भारतीय शेर को प्राणिशास्त्र में ‘पांतेरा लेओ गूजरातेन्सिस’ नाम से जाना जाता है। भारतीय शेर प्रजाति की दुम लंबी होती है। अफ्रीका शेर प्रजाति के पूंछ के सिरों पर बालों का गुच्छा अधिक स्पष्ट होता है।
पूर्वी अफ्रीका में मिलने वाली अफ्रीकी उपप्रजाति को ‘मसाई शेर’ के नाम से जाना जाता है। पश्चिमी अफ्रीका में मिलने वाली अफ्रीकी उपप्रजाति ‘सेनेगाली शेर’ है। क्रुगेर राष्ट्रीय पार्क में ‘ट्रांसवाल शेर’ नामक अफ्रीकी उपप्रजाति मिलती है। अफ्रीकी उपप्रजाति ‘बर्बर शेर’ को प्राणिशास्त्र में ‘पांतेरा लेओ लेओ’ नाम से जाना जाता है। अफ्रीकी उपप्रजाति ‘केप शेर’ को प्राणिशास्त्र में ‘पांतेरा लेओ मेलानोकाइता’ नाम से जाना जाता है।
गिर वन में पाए जाने वाले भारतीय शेर की युवावस्था में औसत लंबाई लगभग 2.70 मीटर होती है। भारतीय शेर के आयाल की अधिकतम लंबाई 45 सेंटीमीटर दर्ज की गयी है। युवा शेर का रंग लाली लिए हुए पीला होता है। गुजराती में शेर को ‘ऊंटिया बाघ’ और ‘सावज’ नामों से भी जाना जाता है।
शेरों का पारिवारिक जीवन:
शेरों में पारिवारिक जीवन की प्रबल भावना होती है। एक झुंड में सामान्यतया 20 से 22 शेर रहते हैं। शेरों के एक झुंड में प्रायः एक या दो नर होते हैं। शेर का प्रजनन काल अक्टूबर से नवंबर के दौरान होता है। मादा शेर की गर्भधारण अवधि लगभग 105 से 115 दिन की होती है। जन्म के समय शावक का वजन लगभग आधा किलो और लंबाई लगभग तीस सेंटीमीटर होती है। शेरों की एक समूह में एक शेरनी के बच्चों को दूसरी शेरनी का दूध पीते देखा गया है। औसतन दो ब्यातों के बीच का अंतर लगभग लगभग ढाई से तीन साल होता है। शेर शावकों को शिकार करने की कला शेरनी से सीखते हैं। शेर शावकों के दूध के दांत तीन सप्ताह की उम्र में झड़ जाते हैं। एक साल की उम्र में शेरों में स्थायी दांत निकल आते हैं। शेर शावकों को स्थायी दांत निकलने के दौरान मुख से लहू बहता है एवं नाक गरम रहती है इससे उन्हें अत्यंत पीड़ा सहनी होती है।
कमाल के शिकारी:
शेर कमाल का शिकारी होता है। शेर पीछे से या छिपकर शिकार करता है। यह पानी में भी तैर सकता है। वैसे शिकार करने की कला में मादा नर से एक कदम आगे होती है। यह बात ओर है कि नर शेर ही सबसे पहले शिकार की दावत का मजा लेता है। शेर पेड़ पर भी चढ़ सकते हैं। शेर का जीवनकाल लगभग 20 वर्षों का होता है। इसके पसंदीदा शिकारों में नीलगाय, जंगली सूअर, हिरण आदि शामिल हैं।
भारतीय संस्कृति में शेर:
भारतीय संस्कृति में जीव-जंतुओं को सदैव सम्मान मिला है। इस देश में विभिन्न जीव-जंतुओं का सामाजिक और सामाजिक महत्व रहा है। शेर हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। भारत में सिक्कों पर शेरों की आकृति के अंकन का सबसे प्राचीन प्रमाण चन्द्रगुप्त द्वितीय के समय का है। शेर के नाम पर भारतीय ज्योतिशशास्त्र में सिंह राशि का नामकरण किया गया है। मुगल शासक जहांगीर का जन्म सिंह राशि में हुआ था। भारत के राष्ट्रीय चिन्ह में शेर का निशान अंकित है। स्वतंत्रता पूर्व जूनागढ़ रियासत में डाक टिकटों पर शेर के चित्र छापे जाते थे। भारतीय पौराणिक दंत कथाओं के अनुसार शेर को देवी दुर्गा का वाहन माना जाता है। भारतीय पौराणिक दंत कथाओं के अनुसार शेर शक्ति और धर्म के गुणों का द्योतक है। डाक-तार विभाग ने 1964 में ‘तिलिया’ नामक प्रसिद्ध शेर की फोटो को डाक टिकट पर छापा था। “वनराजों का राजा” नाम से प्रसिद्ध ‘तिलिया’ नामक शेर की मृत्यु 18 मार्च, 1965 में हुई थी।
भारत में शेर:
ऐसा माना जाता है कि लगभग छह हजार साल पूर्व भारत में शेरों का आगमन हुआ। भारत में शेरों के समूह को लेहड़ा नाम से भी जाना जाता है। एक समय लगभग पूरे उत्तर भारत में फैले शेरों का दायरा सन् 1984 तक कठियावाड़ प्रायद्वीप तक ही सीमित रह गया था। एक किवदंती के अनुसार गिर वन में शेरों को अफ्रीका से लाया गया था। सन् 1972 तक भारत का राष्ट्रीय पशु शेर ही था। बाद में यह पदवी बाघ को दी गयी।
सन् 1936 में जूनागढ़ रियासत की गणना के अनुसार गिर वनों में शेरों की संख्या 287 थी। गुजरात वन विभाग की गणना के अनुसार सन् 1963 में गिर वनों में शेरों की संख्या 285 थी। इस समय भारत में शेरों का आश्रय गुजरात के गिर वन हैं, जो लगभग 1412 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले हुए हैं। यह क्षेत्र सन् 1965 से संरक्षित है। अप्रैल, 2010 में हुई गणना के अनुसार शेर की संख्या लगभग 411 थी जो 2005 की गणना से लगभग 52 अधिक थी। 2010 की गणना में नर शेर 97, शेरनी 162 और शावकों की संख्या 152 थी। कुछ वर्षों पहले सरकार ने गिर के कुछ सिंहों को मध्यप्रदेश के एक राष्ट्रीय उद्यान में पनाह देने की भी बात की। असल में शेरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए गिर का क्षेत्र उनके लिए छोटा पड़ रहा है इसीलिए उनको दूसरी जगह बसाना अच्छा कदम हो सकता है। हालांकि इसके लिए अनेक पहलूओं पर ध्यान देना होगा।
खैर जो भी हो वर्ष 2015 में शेरों की संख्या में मामूली बढ़त को देखकर जीवप्रेमी प्रसन्न है। वर्तमान में गिर में शेरों की कुल संख्या 523 हो गयी है। इस प्रकार पिछले छह सालों में शेरों की संख्या 112 बढ़ी है। इस समय हुई गणना के अनुसार गिर में नर शेर 109, शेरनियां 201 एवं शावकों की संख्या 213 देखी गयी है। असल में इस समय शावकों की स्थिति काफी अच्छी है लेकिन हमें इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि अनेक बार एक दल के शेर दूसरे दल के शावकों को मार देते हैं। ऐसा असल में वह अपने प्रभुत्व को कायम करने के लिए करते हैं। इसलिए गिर प्रशासन को इन शावकों का विशेष ध्यान रखना होगा और इनकी सतत् निगरानी करनी होगी। असल में वैज्ञानिक, आर्थिक, सौन्दर्यपरक, सांस्कृतिक और पारिस्थितिकी महत्व का जीव होने के कारण शेर का संरक्षण आवश्यक है।
-X-X-X-X-X-

नवनीत कुमार गुप्ता पिछले दस वर्षों से पत्र-पत्रिकाओं, आकाशवाणी एवं दूरदर्शन आदि जनसंचार के विभिन्न माध्यमों द्वारा वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरण संरक्षण जागरूकता के लिए प्रयासरत हैं। आपकी विज्ञान संचार विषयक लगभग एक दर्जन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं तथा इन पर गृह मंत्रालय के ‘राजीव गांधी ज्ञान विज्ञान मौलिक पुस्तक लेखन पुरस्कार' सहित अनेक पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। आप विज्ञान संचार के क्षेत्र में कार्यरत संस्था ‘विज्ञान प्रसार’ से सम्बंद्ध हैं। आपसे निम्न मेल आईडी पर संपर्क किया जा सकता है:

keywords: lion information in hindi, indian lion in hindi, indian lion vs african lion, indian lion information in hindi, indian lion information for kids in hindi, indian lion population in hindi, indian lion symbol in hindi, asiatic lion vs bengal tiger in hindi, asiatic lion in hindi, asiatic lion vs african lion in hindi, asiatic lion endangered in hindi, asiatic lion facts in hindi, siberian tiger vs african lion in hindi, african lion facts in hindi, african lion vs bengal tiger in hindi, african lion facts for kids in hindi, african lion habitat in hindi, african lioninformation in hindi
जानकारीपरक! आभार!
जवाब देंहटाएंnice info...
जवाब देंहटाएं