डॉ॰ विक्रम साराभाई का विस्तृत जीवन परिचय और उनके आविष्कार।
डा. विक्रम अंबालाल साराभाई
(12 अगस्त, 1919 - 30 दिसंबर, 1971)
आधुनिक युग में किसी भी देश के विकास में वैज्ञानिकों का योगदान अहम है। हमारे देश में भी अनेक वैज्ञानिक हुए है। जिन्होंने अपने कार्यों से देश को नयी ऊंचाईयों तक पहुंचाया। ऐसे ही एक वैज्ञानिक हुए है डा. विक्रम अंबालाल साराभाई_Vikram Ambalal Sarabhai, जिन्हें हम डा. विक्रम साराभाई के नाम से भी जानते हैं। डॉ. विक्रम साराभाई को भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम का जनक माना जाता है। उन्होंने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को दिशा प्रदान की।
डॉ॰ विक्रम साराभाई का जन्म अहमदाबाद में 12 अगस्त 1919 को हुआ था। उनके पिता का नाम श्री अम्बालाल साराभाई और माता का नाम श्रीमती सरला साराभाई था। गुजरात कॉलेज से इंटरमीडिएट तक विज्ञान की शिक्षा पूरी करने के बाद वे 1937 में वे इंग्लैंड चले गए वहां उन्होंने कैम्ब्रिज में अध्ययन किया। 1940 में उन्होंने प्राकृतिक विज्ञान में ट्राइपोज डिग्री प्राप्त की। द्वितीय विश्व युद्ध शुरू होने पर वे भारत लौट आए और बंगलौर स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान में कार्य करने लगे जहां वह सी. वी. रामन के निरीक्षण में ब्रहांडीय विकिरणों पर अनुसंधान करने लगे।
डॉ॰ विक्रम साराभाई के शोध कार्य:
उन्होंने अपना पहला अनुसंधान लेख ''टाइम डिस्ट्रीब्यूशन ऑफ कास्मिक रेज़'' भारतीय विज्ञान अकादमी की पत्रिका में प्रकाशित हुआ था। वर्ष 1940-45 की अवधि के दौरान कॉस्मिक रेज़ पर साराभाई के अनुसंधान कार्य में बंगलौर और कश्मीर-हिमालय में उच्च स्तरीय केन्द्र के गेइजर-मूलर गणकों पर कॉस्मिक रेज़ के समय-रूपांतरणों का अध्ययन शामिल था। द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति पर वे कॉस्मिक रे भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में अपनी डाक्ट्रेट पूरी करने के लिए वापिस से कैम्ब्रिज चले गए। 1947 में उष्णकटीबंधीय अक्षांक्ष (ट्रॉपीकल लैटीच्यूड्स) में कॉस्मिक रे पर अपने शोध कार्य के लिए कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें डाक्ट्ररेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। इसके बाद वे भारत लौट आए और यहां आ कर उन्होंने कॉस्मिक रे भौतिक विज्ञान पर अपना अनुसंधान कार्य जारी रखा। भारत में उन्होंने अंतर-भूमंडलीय अंतरिक्ष, सौर-भूमध्यरेखीय संबंध और भू-चुम्बकत्व पर अध्ययन किया। डॉ॰ विक्रम साराभाई ने 86 वैज्ञानिक शोध पत्र लिखे।
[post_ads]
डॉ॰ विक्रम साराभाई द्वारा प्रारम्भ भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम:
डॉ. साराभाई की महान उपलब्धियों में से एक भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की स्थापना थी। रूस द्वारा प्रथम अंतरिक्ष अभियान स्पुतनिक के प्रमोचन के बाद उन्होंने भारत सरकार को भी अंतरिक्ष कार्यक्रम के महत्व से परिचित कराया। उनके प्रयासों से भारत ने भी अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम को आरंभ किया।
अंतरिक्ष अभियानों के महत्व पर उनके ये विचार आज भी प्रासंगिक लगते हैं:
"ऐसे कुछ लोग हैं जो विकासशील राष्ट्रों में अंतरिक्ष गतिविधियों की प्रासंगिकता पर सवाल उठाते हैं। हमारे सामने उद्देश्य की कोई अस्पष्टता नहीं है। हम चंद्रमा या ग्रहों की गवेषणा या मानव सहित अंतरिक्ष-उड़ानों में आर्थिक रूप से उन्नत राष्ट्रों के साथ प्रतिस्पर्धा की कोई कल्पना नहीं कर रहें हैं।" "लेकिन हम आश्वस्त हैं कि अगर हमें राष्ट्रीय स्तर पर, और राष्ट्रों के समुदाय में कोई सार्थक भूमिका निभानी है, तो हमें मानव और समाज की वास्तविक समस्याओं के लिए उन्नत प्रौद्योगिकियों को लागू करने में किसी से पीछे नहीं रहना चाहिए।"
आरंभ में भारतीय अंतरिक्ष अभियानों पर कई सवाल उठ रहे थे। लेकिन भविष्य में अंतरिक्ष अभियानों की अहमियत को देखते हुए अनेक वैज्ञानिकों ने इन कार्यक्रमों के महत्व को समझा और साराभाई का साथ किया। भारतीय परमाणु विज्ञान कार्यक्रम के जनक के रूप में जाने जाने वाले डॉ. होमी जहाँगीर भाभा ने भारत में प्रथम राकेट प्रमोचन केंद्र की स्थापना में डॉ.साराभाई का पूर्ण समर्थन किया था। अंतरिक्ष संबंधी प्रक्षेपण के लिए थुम्बा में एक केंद्र की स्थापना की गयी। यह केंद्र मुख्यतः भूमध्यरेखा से उसकी निकटता की दृष्टि से, अरब महासागर के तट पर, तिरुवनंतपुरम के निकट स्थापित किया गया।
डॉ॰ विक्रम साराभाई संस्थान निर्माता के रूप में:
वह एक संस्थान निर्माता भी थे। उन्होंने विविध क्षेत्रों में अनेक संस्थाओं की स्थापना की। उन्होंने अनेक संस्थानों की स्थापना में सहयोग किया। असल में देश में विज्ञान के क्षेत्र में उन्होंने हर संभव मदद की। अहमदाबाद में भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला की स्थापना में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस संस्थान के लिए जब धन की आवश्यकता थी तो उन्होंने अपने परिवार और मित्रों द्वारा नियंत्रित धर्मार्थ न्यासों को अपने निवास के पास ही इस अनुसंधान संस्थान को धन देने के लिए राज़ी किया था। उस समय वह भारत लौटे ही थे। यह बात आजादी के बाद की ही है। इस प्रकार 11 नवंबर, 1947 को अहमदाबाद में विक्रम साराभाई ने भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (पीआरएल) की नीवं रखी। उस समय उनकी उम्र केवल 28 वर्ष थी। साराभाई ही संस्थानों के निर्माता और संवर्धक थे। भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला इस दिशा में उनका पहला क़दम था। विक्रम साराभाई ने 1966-1971 तक भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला में कार्य किया।
डॉ. विक्रम साराभाई परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष भी थे। उन्होंने अहमदाबाद में स्थित अन्य उद्योगपतियों के साथ मिल कर भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। डॉ. साराभाई द्वारा स्थापित कुछ प्रसिद्ध संस्थानों के नाम इस प्रकार हैं:
• भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (पीआरएल), अहमदाबाद
• भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), अहमदाबाद
• सामुदायिक विज्ञान केंद्र, अहमदाबाद
• दर्पण अकाडेमी फ़ॉर परफ़ार्मिंग आर्ट्स, अहमदाबाद (अपनी पत्नी के साथ मिल कर)
• विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र, तिरुवनंतपुरम
• अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र, अहमदाबाद (यह संस्थान साराभाई द्वारा स्थापित छह संस्थानों/केंद्रों के विलय के बाद अस्तित्व में आया था)
• फ़ास्टर ब्रीडर टेस्ट रिएक्टर (एफ़बीटीआर), कल्पकम
• वेरिएबल एनर्जी साइक्लोट्रॉन प्रॉजेक्ट, कोलकाता
• इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल), हैदराबाद
• यूरेनियम कार्पोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल), जादूगुडा, बिहार
डॉ॰ विक्रम साराभाई का विज्ञान शिक्षा के प्रसार में योगदान:
डॉ॰ विक्रम साराभाई आज जनता के लिए विज्ञान की शिक्षा को अनिवार्य मानते थे। उनका मानना था कि विज्ञान जीवन की अनेक समस्याओं को हल करने की क्षमता रखता है। उन्होंने 1966 में अहमदाबाद में सामुदायिक विज्ञान केंद्र की स्थापना की। इस केंद्र को वर्तमान में विक्रम साराभाई सामुदायिक विज्ञान केंद्र के नाम से जाना जाता है।
डॉ॰ विक्रम साराभाई का बहुआयामी व्यक्तित्व:
डॉ॰ विक्रम साराभाई ने अंतरिक्ष क्षेत्र के अलावा विभिन्न क्षेत्रों जैसे वस्त्र, भेषज, आणविक ऊर्जा और इलेक्ट्रानिक्स में भी अहम योगदान दिया। डॉ॰ साराभाई विज्ञान के अलावा सांस्कृतिक गतिविधियों में भी गहरी रूचि रखते थे। वे संगीत, फोटोग्राफी, पुरातत्व, ललित कलाओं और अन्य अनेक क्षेत्रों से जुड़े रहे। अपनी पत्नी मृणालिनी साराभाई_Mrinalini Sarabhai के साथ मिलकर उन्होंने मंचन कलाओं की संस्था दर्पण का गठन किया था। उनकी बेटी मल्लिका साराभाई_Mallika Sarabhai बड़ी होकर भारतनाट्यम और कुचीपुड्डी की सुप्रसिध्द नृत्यांग्ना बनीं।
डॉ॰ विक्रम साराभाई काे मिले सम्मान:
डॉ॰ विक्रम साराभाई को 1962 में शांति स्वरुप भटनागर मैडल प्रदान किया गया। सन 1966 में डॉ॰ विक्रम साराभाई को विज्ञान एवं अभियांत्रिकी के क्षेत्र में भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था। 30 दिसम्बर 1971 डॉ॰ साराभाई का कोवलम, तिरूवनंतपुरम (केरल) में निधन हुआ। इस महान वैज्ञानिक के सम्मान में तिरूवनंतपुरम में स्थापित थुम्बा इक्वेटोरियल रॉकेट लाँचिंग स्टेशन (टीईआरएलएस) और संबंद्ध अंतरिक्ष संस्थाओं का नाम बदल कर विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केन्द्र रख दिया गया। इस संस्थान की पहचान आज भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एक प्रमुख अंतरिक्ष अनुसंधान केन्द्र के रूप में है। उनके कार्यों की प्रेरणा सदैव देशवासियों को प्रेरित करती है कि विज्ञान के माध्यम से देश के विकास में योगदान दें।
-X-X-X-X-X-

नवनीत कुमार गुप्ता पिछले दस वर्षों से पत्र-पत्रिकाओं, आकाशवाणी एवं दूरदर्शन आदि जनसंचार के विभिन्न माध्यमों द्वारा वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरण संरक्षण जागरूकता के लिए प्रयासरत हैं। आपकी विज्ञान संचार विषयक लगभग एक दर्जन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं तथा इन पर गृह मंत्रालय के ‘राजीव गांधी ज्ञान विज्ञान मौलिक पुस्तक लेखन पुरस्कार' सहित अनेक पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। आप विज्ञान संचार के क्षेत्र में कार्यरत संस्था ‘विज्ञान प्रसार’ से सम्बंद्ध हैं। आपसे निम्न मेल आईडी पर संपर्क किया जा सकता है:

keywords: vikram sarabhai life hystory in hindi, vikram sarabhai in hindi, vikram sarabhai discoveries in hindi, vikram sarabhai organizations founded in hindi, dr vikram sarabhai information in hindi, what did vikram sarabhai invent in hindi, vikram sarabhai quotes in hindi, vikram sarabhai daughter in hindi, vikram sarabhai biography in hindi, विक्रम साराभाई जीवनी, विक्रम साराभाई निबंध, विक्रम अंबालाल साराभाई जीवनी, विक्रम साराभाई की जीवनी, विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र, विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र कहाँ है, विक्रम साराभाई की खोज
Thank's for your information.
जवाब देंहटाएं